


कार्यकर्ताओं को मिला राष्ट्र निर्माण का मंत्र
पूर्णिया । भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसायी भवन में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का रविवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिले के विभिन्न प्रखंडों, मंडलों एवं मोर्चों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बिहपुर विधायक ई. शैलेन्द्र कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार, प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर तथा निवर्तमान प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा ने संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय रहते हैं।
नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन्हीं विचारों को आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के इतिहास एवं विकास यात्रा, संगठनात्मक संरचना, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया की भूमिका, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षकों ने विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, सदर विधायक विजय खेमका, बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, तारा साह, डालचंद संचेती, दिलीप कुमार दीपक, मनोज पुगलिया, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, श्याम तापड़िया, सकलदीप राजपाल, सुनील कुमार सिंह, मृगेन्द्र देव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान अनुशासन, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने योग्य रहा। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और सामाजिक दायित्वों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला है।
समापन अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।
दो दिवसीय यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सफल एवं कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने वाला साबित हुआ।
















