


भागलपुर। आमडंडा थाना क्षेत्र के पाठकडीह गांव में पारिवारिक विवाद के बीच 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ललन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मामले में मृतक की पत्नी ने सास-ससुर पर प्रताड़ना और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि मृतक के पिता ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को घटना का कारण बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतक की पत्नी श्वेता कुमारी ने बताया कि घटना वाले दिन परिवार में विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि सास-ससुर लगातार उन्हें और उनके पति को घर छोड़ने के लिए दबाव बना रहे थे। पति ने परिवार के लोगों से पहले सामान समेट लेने की बात कही, जिसके बाद उन्होंने अपने और बच्चों के कपड़े तीन बैग में रख लिए थे।
श्वेता कुमारी का आरोप है कि इसी दौरान विवाद और बढ़ गया तथा उन्हें अपमानित करते हुए घर से निकल जाने को कहा गया। कुछ देर बाद उनके छोटे बेटे ने आकर बताया कि उसके पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पति को गंभीर हालत में पाया।
पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति को जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उनकी मौत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि ससुराल पक्ष द्वारा लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी और दहेज की मांग को लेकर भी उन्हें परेशान किया जाता था।
वहीं, मृतक के पिता अरविंद पंडित ने बहू द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि विवाद पति-पत्नी के बीच हुआ था और परिवार के लोग केवल समझाने का प्रयास कर रहे थे। उनके अनुसार, विवाद के बाद ललन कुमार घर से बाहर चले गए थे और बाद में वापस लौटे। उनका दावा है कि लौटने के समय उन्होंने शराब पी रखी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टी होने लगी।
घटना की सूचना पर आमडंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। दोनों पक्षों के आरोपों और बयानों के आधार पर पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
















