


नवगछिया : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परवत्ता थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुणाल कुमार एवं पियूष कुमार, दोनों निवासी रसलपुर, नवगछिया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक ब्राउन शुगर की खेप लेकर विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ स्थित टेक्नो पेट्रोल पंप के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही परवत्ता थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर टेक्नो पेट्रोल पंप के समीप वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पेट्रोल पंप के पास खड़े दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। दोनों के संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने विधिवत तलाशी ली। तलाशी के क्रम में कुणाल कुमार के पास से 99.83 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 260 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर थाना ले आई।
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में परवत्ता थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।
















