



भागलपुर : भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में बिहार बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का आयोजन 27 से 29 दिसंबर तक बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना, पटना में किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्रीलंका, भूटान, नेपाल, बांग्लादेश सहित मेजबान भारत की पुरुष और महिला टीमें भाग लेंगी।

भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के महासचिव वाई. राजा राव से प्राप्त निर्देशों के आलोक में यह जानकारी देते हुए बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के निदेशक सह समाजसेवी पवन कुमार केजरीवाल ने बताया कि चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, उपाध्यक्ष सह भाजपा प्रवक्ता प्रो. सुहेली मेहता, सचिव गौरी शंकर, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा एवं रंजन गुप्ता तथा संयोजक डॉ. अरुण दयाल की देखरेख में चल रही हैं।
चैंपियनशिप के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक 20 दिसंबर (शनिवार) को आयोजित की जाएगी, जिसमें चैंपियनशिप का शुभंकर भी जारी किया जाएगा। यह जानकारी बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।














