


पूर्णिया। माउंट लिट्रा स्कूल, रंगभूमि मैदान रोड स्थित परिसर में प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, पूर्णिया इकाई की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के निजी विद्यालयों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में सबसे पहले जिले के निजी विद्यालयों को ई-समाधान पोर्टल के माध्यम से प्राप्त परस्वीकृति (मान्यता) की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि संगठन के प्रयासों एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से पूर्णिया जिले के लगभग सभी प्रखंडों के निजी विद्यालयों को परस्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
संगठन के जिला सचिव राजेश कुमार झा ने कहा कि संगठन द्वारा लगातार किए गए प्रयासों को शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया, जिसके परिणामस्वरूप अधिकांश विद्यालयों को समय पर मान्यता मिल सकी। इसके लिए उन्होंने शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में दूसरा प्रमुख विषय निजी विद्यालयों को यू-डाइस (UDISE) कोड उपलब्ध कराने का रहा। सदस्यों ने बताया कि अभी भी कुछ विद्यालयों को यू-डाइस कोड प्राप्त नहीं हो सका है। इस पर निर्णय लिया गया कि संगठन सभी संबंधित विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर शिक्षा विभाग से संपर्क करेगा तथा एक माह के भीतर सभी पात्र विद्यालयों को यू-डाइस कोड दिलाने का प्रयास करेगा।
तीसरे मुद्दे के रूप में उन निजी विद्यालयों के मान्यता नवीकरण (रिन्यूअल) पर चर्चा हुई, जिनकी मान्यता की अवधि समाप्त हो चुकी है। कार्यकारी अध्यक्ष निकेश गिलगल ने बताया कि तकनीकी कारणों एवं पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण नवीकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने सदस्यों को इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
जिला सचिव राजेश कुमार झा ने सभी विद्यालय संचालकों से अपने-अपने दस्तावेज एवं फाइलें अद्यतन कर संगठन के पास जमा कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि संगठन सभी विद्यालयों के दस्तावेज एक साथ पोर्टल पर अपलोड कर शिक्षा विभाग के समन्वय से नवीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास करेगा।
बैठक में संगठन के संयोजक जोश डेनियल एवं संरक्षक लालचंद भगत ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर बल दिया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिन्हा के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक माह एक प्रखंड में बैठक कर निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी।
बैठक में संगठन के सचिव राजेश कुमार झा, कार्यकारी अध्यक्ष निकेश गिलगल, संयुक्त सचिव गौतम कुमार झा, कोषाध्यक्ष विनीत कुमार सिंह, महासचिव ज्वाला प्रसाद गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मुनचुन शाह, संयोजक जोश डेनियल, संरक्षक लालचंद भगत, जिला उपाध्यक्ष के.के. मसीह, इंजीनियर हिमांशु, करण अर्जुन, राजीव कुमार ठाकुर, गोविंद जायसवाल, उदय कुमार सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
















