


पूर्णिया। पूर्णिया जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से होम डिलीवरी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। शुक्रवार को जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 8795 गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के बीच वितरित किए गए, जबकि 20469 गैस सिलेंडर अभी भी एजेंसियों के गोदामों में सुरक्षित स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं।
प्रेस क्लब पूर्णिया में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव ने बताया कि शुक्रवार को कुल 9194 उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की मांग दर्ज की गई थी, जिसके विरुद्ध नियमानुसार 8795 से अधिक सिलेंडरों का वितरण कर दिया गया। जिले में वर्तमान में कुल 71 एलपीजी गैस एजेंसियां संचालित हैं।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2026 से अब तक एलपीजी गैस से संबंधित कुल 268 शिकायतें आपदा प्रबंधन कार्यालय के जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हुईं, जिनमें से 258 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 10 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है तथा विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों तथा शहरी क्षेत्रों में लगभग 25 दिनों का निर्धारित है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा घबराहट में गैस सिलेंडर की अनावश्यक बुकिंग न करें। उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह समय पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी उपलब्ध कराई जा रही है।
एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06454-242319, 242317 एवं 242320 पर संपर्क करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और गैस वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी जारी है।













