


पूर्णिया। पूर्णिया में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को की गई। कार्यक्रम का आयोजन डॉक्टर भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास परिसर में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, नगर निगम की महापौर, निदेशक डीआरडीए, जिलास्तरीय पदाधिकारी, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के जिला समन्वयक, सलाहकार, शिक्षकगण तथा अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल स्वास्थ्य से ही नहीं बल्कि शिक्षा और सामाजिक विकास से भी सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने बच्चों से स्वच्छ रहने, स्वस्थ रहने एवं शिक्षित बनने का संदेश देते हुए स्वच्छता को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
नगर आयुक्त एवं महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाना समय की आवश्यकता है। जनसहभागिता के बिना किसी भी अभियान की सफलता संभव नहीं है।
कार्यक्रम के तहत अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पूर्णिया शहरी क्षेत्र में श्रमदान कर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। यह विशेष स्वच्छता अभियान जिले के सभी पंचायतों एवं प्रखंडों में 3 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान महादलित टोलों में शौचालय से वंचित परिवारों को शौचालय निर्माण हेतु प्रेरित किया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थलों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, पंचायत भवनों, धार्मिक स्थलों, हाट-बाजार एवं जल स्रोतों की व्यापक सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जूट, कपड़ा, कागज एवं अन्य इको-फ्रेंडली थैलों के उपयोग तथा कचरा न फैलाने को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड समन्वयकों को जिला स्वच्छता कार्यालय से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में अभियान सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों की ब्लड शुगर, बीपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।













