


‘
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। ‘भारत में पूर्ण लोकतंत्र की स्थापना’ विषय पर आधारित आगामी पुस्तक को राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और वैचारिक समर्थन मिला है। भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने पुस्तक के राष्ट्रीय विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति प्रदान की है।
नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर हुई आत्मीय मुलाकात के दौरान पुस्तक के लेखक सह पीरपैंती विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक ई. ललन कुमार ने बताया कि मांझी को 14 अगस्त 2026 को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित राष्ट्रीय विमोचन समारोह एवं ‘भारत में पूर्ण लोकतंत्र की स्थापना’ अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया। केंद्रीय मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान पुस्तक की वैचारिक अवधारणा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर जीतन राम मांझी ने कहा कि ‘यह समय की मांग है, देश की आवश्यकता है और इस दिशा में हम सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।’ उन्होंने पुस्तक के लिए अपना शुभकामना संदेश भी दिया और इस वैचारिक पहल की सफलता की कामना की।

लेखक ई. ललन कुमार ने कहा कि मांझी का स्नेह, मार्गदर्शन और समर्थन इस अभियान के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पुस्तक विमोचन समारोह देश में लोकतांत्रिक विमर्श को नई दिशा देने का प्रयास करेगा।
गौरतलब है कि 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पुस्तक के राष्ट्रीय विमोचन के साथ-साथ ‘भारत में पूर्ण लोकतंत्र की स्थापना’ अभियान के औपचारिक शुभारंभ का भी साक्षी बनेगा। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति की संभावना है।
















