


पूर्णिया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम के प्रस्तावित पूर्णिया दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कटिहार जिला प्रभारी बिजेंद्र यादव ने बताया कि रेणु की ऐतिहासिक धरती पूर्णिया पर प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का स्वागत पूर्णिया स्थित गोकुल कृष्ण आश्रम में किया जाएगा। उनके आगमन को लेकर जिला कांग्रेस संगठन पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है तथा जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बिजेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर लगातार संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजेश राम का यह दौरा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने का अवसर भी प्रदान करेगा। प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा तथा पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। पूर्णिया जिला कांग्रेस परिवार उनके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।

जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने की अपील की है। उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विशेष उत्साह और उमंग देखी जा रही है।
















