


23 अगस्त को दिल्ली में होगा आयोजन, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने रवाना हुआ पूर्णिया रन क्लब का दल
पूर्णिया। सीमांचल में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सक्रिय पूर्णिया रन क्लब अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। दिल्ली में 23 अगस्त को आयोजित होने वाली ‘टफमैन इंडिया-3rd Edition’ मैराथन में भाग लेने के लिए पूर्णिया रन क्लब के नौ सदस्यीय दल को गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। प्रतियोगिता में पूर्णिया के धावक देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले एथलीटों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में सुमिरन कार्की, प्रीतम आनंद, विकास आदित्य, शौर्य रॉय, रवि रंजन, आयुष ठाकुर, ऋतिक मिश्रा, अमन वर्मा और डॉ. हिमांशु हिस्सा लेंगे। क्लब के सदस्यों के अनुसार सभी धावक पिछले कई महीनों से रंगभूमि मैदान में नियमित रूप से दौड़ और फिटनेस का अभ्यास कर रहे हैं। इसी वर्ष मार्च से नियमित अभ्यास शुरू करने वाले धावकों का उद्देश्य मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ-साथ युवाओं और आम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है।
पूर्णिया रन क्लब 25 से 40 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों को नियमित दौड़ एवं फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहा है। क्लब से जुड़े सदस्यों का कहना है कि नियमित दौड़ केवल प्रतियोगिता की तैयारी का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी तरीका भी है। राष्ट्रीय स्तर की मैराथन में पूर्णिया के नौ धावकों के एक साथ भाग लेने से स्थानीय खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ा है।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व गुरुवार सुबह रंगभूमि मैदान में विदाई सह शुभकामना समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्णिया एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, कोचों और स्थानीय एथलीटों ने सभी धावकों का उत्साहवर्धन किया। धावकों को माला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पूर्णिया से किसी संगठित रनिंग क्लब के बैनर तले एक साथ नौ धावकों का राष्ट्रीय स्तर की मैराथन में हिस्सा लेना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी धावकों के बेहतर प्रदर्शन, सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















