5
(1)

दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को अध्ययन सामग्री व खेल किट का वितरण, रोजगार मेले सहित कई जनकल्याणकारी घोषणाएं

पूर्णिया। लोकसभा में अपने दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में रविवार को शांति भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने युवाओं, खिलाड़ियों और गरीब तबके के लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच अध्ययन के लिए गद्दों का वितरण किया गया, वहीं खिलाड़ियों को क्रिकेट किट, फुटबॉल किट, हाई जंप एवं लॉन्ग जंप किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अपर्णा मल्लिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया की जनता ने जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर विकास की राजनीति को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प अगले तीन वर्षों में पूर्णिया को विकास के क्षेत्र में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के अग्रणी शहरों में शामिल करना है।

उन्होंने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, रेल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। राजमहल से पूर्णिया तक राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, ठाकुरगंज मार्ग से बेहतर सड़क संपर्क, विभिन्न रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण तथा क्षेत्र को जोड़ने वाली कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम जारी है। उन्होंने बताया कि कुरसेला-बिहारीगंज सड़क परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि किशनगंज-बिहारीगंज-जलालगढ़ सड़क परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है।

युवाओं के रोजगार को लेकर सांसद ने घोषणा की कि संसद सत्र समाप्त होने के बाद पूर्णिया में बड़े स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए उन्होंने कहा कि पूर्णिया के जिन छात्रों को परीक्षा देने बाहर जाना होगा, उनके आवागमन की व्यवस्था निःशुल्क कराई जाएगी। वहीं बाहर से परीक्षा देने पूर्णिया आने वाले अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की राह में बाधा न बने।

गरीब एवं फुटपाथ पर छोटे स्तर पर व्यवसाय करने वाले लोगों के लिए सांसद ने विशेष आर्थिक सहायता योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के पंजीकृत विक्रेताओं को छोड़कर चौक-चौराहों पर सब्जी, फल, मछली, अंडा सहित अन्य छोटे व्यवसाय करने वाले गरीब परिवारों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे बिना कर्ज लिए अपना व्यवसाय आगे बढ़ा सकें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सेना, अग्निवीर एवं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न पंचायतों में हाई जंप, लॉन्ग जंप सहित अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही कई पंचायतों में क्रिकेट एवं फुटबॉल किट का भी वितरण किया गया है।

सांसद ने बताया कि हाल ही में आयोजित दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा ट्रांसफार्मर बदलने या बिजली से जुड़े कार्यों में किसी भी उपभोक्ता से अवैध वसूली नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि भवानीपुर में नए ग्रिड के निर्माण से रुपौली, धमदाहा तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और बेहतर होगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने नीति आयोग की आकांक्षी जिला रैंकिंग में पूर्णिया के देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यवसायियों और आम नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

कार्यक्रम के अंत में सांसद ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, खेल, आधारभूत संरचना और जनसेवा को केंद्र में रखकर पूर्णिया के समग्र विकास का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और प्रशासन की सक्रिय भागीदारी से पूर्णिया आने वाले वर्षों में देश के लिए विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: