
पूर्णिया। शहर में मच्छरों के प्रकोप पर नियंत्रण और नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्णिया नगर निगम की ओर से पांच नई फॉगिंग मशीनें शुरू की गई हैं। महापौर विभा कुमारी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नई मशीनों के जुड़ने से शहर में मच्छररोधी छिड़काव अभियान को गति मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले नगर निगम की चार फॉगिंग मशीनों के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छिड़काव कराया जा रहा था। अब पांच नई मशीनें उपलब्ध होने से नगर निगम की फॉगिंग क्षमता में वृद्धि होगी। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को देखते हुए पूजा पंडालों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष रूप से फॉगिंग कराने की योजना है, ताकि श्रद्धालुओं को मच्छरों के प्रकोप से परेशानी न हो।

इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। मच्छरों के प्रकोप को कम करने के लिए फॉगिंग व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। नई मशीनों के माध्यम से अब अधिक क्षेत्रों में छिड़काव कराना संभव होगा।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में फॉगिंग कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को व्यवस्थित तरीके से छिड़काव अभियान संचालित करने का निर्देश देने की बात कही, ताकि शहर के अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगरवासियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और जलजमाव नहीं होने देने की अपील की, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद नवल जायसवाल, अंजनी साह, सुरेश सिंह, राकेश राय, लखींद्र साह, अमित कुमार सोनी, तौकिर रियाज, अभिजीत कुमार निप्पू, कृष्ण कुमार पासवान, पार्षद प्रतिनिधि बहादुर यादव, राहुल मिश्रा, राजीव राय, रहीम अंसारी, आशीष पोद्दार और मो. वसीम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में महापौर विभा कुमारी ने नगरवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं और माता रानी से सभी के सुख, समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।















