


पूर्णिया जंक्शन पर ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (एआईएसएमए) के महासचिव शरद चंद्र पुरोहित के आगमन पर एआईएसएमए की पूर्णिया शाखा द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन को लेकर स्टेशन मास्टरों एवं संगठन के सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा।

इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने की। बैठक में एआईएसएमए को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ स्टेशन मास्टरों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से सक्षम मंच तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
सभा में स्टेशन मास्टरों की बढ़ती जिम्मेदारियों, कार्यस्थल की चुनौतियों, कर्मचारियों की समस्याओं तथा उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में स्टेशन मास्टरों की एकजुटता और मजबूत संगठन ही उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से उच्च स्तर तक पहुंचा सकता है।
महासचिव शरद चंद्र पुरोहित ने संगठन की एकता पर बल देते हुए कहा कि एआईएसएमए को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्टेशन मास्टरों से संगठन के साथ मजबूती से जुड़े रहने तथा अपने अधिकारों और समस्याओं के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
संगठन के जनरल सेक्रेटरी लवलेश कुमार लव ने भी संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने और सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में पूर्णिया शाखा के शाखा सचिव जितेंद्र तिवारी, शाखा अध्यक्ष संजय कुमार एवं शाखा कार्यकारी अध्यक्ष मुन्ना कुमार ने महासचिव तथा अन्य केंद्रीय एवं मंडलीय पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान पूर्णिया शाखा की गतिविधियों और स्टेशन मास्टरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
सभा में मंडलीय सहायक सचिव आकाशदीप, शाखा कार्यालय सचिव रवींद्र कुमार, रितेश रंजन, रवि रंजन, कसबा स्टेशन प्रबंधक मनीष कुमार, एम. एन. झा, मौसूद अली अंसारी, ललन कुमार, विशाल कुमार, कमल किशोर यादव, गौरव कुमार, संजीव शाह, मनीष यादव, जितेंद्र मित्रा, रंजीत सिंह, संजीव निराला, अजय कुमार, अनिल मिश्रा, शशि सज्जन सहित बड़ी संख्या में स्टेशन मास्टर एवं एआईएसएमए के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता, मजबूती एवं विस्तार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही स्टेशन मास्टरों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को हर स्तर पर मजबूत बनाने पर सहमति जताई। अंत में पूर्णिया जंक्शन आगमन एवं संगठन को मार्गदर्शन देने के लिए महासचिव शरद चंद्र पुरोहित के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
















