


बाबा गणिनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में सैकड़ों लोगों के बीच वितरित किया गया निःशुल्क प्रसाद
नवगछिया । पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बाबा गणिनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच निःशुल्क भोजन का वितरण किया गया। सेवा एवं मानवता को समर्पित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गणिनाथ की पूजा-अर्चना एवं भोग अर्पित कर की गई। इसके बाद जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण का सिलसिला शुरू हुआ। भोजन में पूरी, सब्जी एवं बुनिया की व्यवस्था की गई थी। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और समिति के इस सेवा कार्य की सराहना की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रत्येक शनिवार को यह सेवा कार्य आयोजित किया जाता है, ताकि जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नवगछिया के व्यवसायी अरुण कुमार यादुका का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि बाबा गणिनाथ सेवा समिति लगातार सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने आम लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
भोजन वितरण कार्यक्रम में समिति के कोषाध्यक्ष विवेकानंद कुमार, शशि शेखर कुमार, रूपेश कुमार, नवीन साह, रंजीत कुमार साह, डॉ. पंकज साह, शिवम यादुका, ओम सिंह राजपूत, शिवम कुमार चौहान, धर्मेंद्र कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य, रेलवे प्रशासन के प्रतिनिधि एवं यादुका परिवार के सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेवा और सहयोग की भावना का सुंदर उदाहरण देखने को मिला, जहां सभी लोगों ने मिलकर जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का कार्य किया।
















