


नवगछिया। मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में सेमेस्टर-2 की परीक्षा देने जा रही चार छात्राओं के साथ रेलवे ट्रैक के पास हादसा हो गया। रेलवे फाटक अस्थायी रूप से बंद रहने के कारण छात्राएं ट्रैक के किनारे से होकर गुजर रही थीं। इसी दौरान अचानक ट्रेन आने से उसके झटके की चपेट में आकर दो छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जाता है कि चारों छात्राएं परीक्षा देने के लिए महाविद्यालय की ओर जा रही थीं। रेलवे फाटक बंद रहने के कारण उन्हें रास्ता पार करने में परेशानी हुई और वे ट्रैक के किनारे से आगे बढ़ने लगीं। इसी दौरान ट्रेन के गुजरने के समय हवा के तेज दबाव और झटके की चपेट में आने से मुस्कान कुमारी और जूली कुमारी घायल हो गईं। उनके साथ मौजूद रौशनी कुमारी और तमन्ना कुमारी को चोट नहीं लगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों घनश्याम कुमार, रिकेश यादव और सौरभ यादव ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल छात्राओं को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर किए जाने की बात कही गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद रहने के कारण आसपास के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। कई लोग मजबूरी में रेलवे ट्रैक या उसके किनारे से होकर आवागमन करते हैं, जिससे हर समय गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से फाटक पर आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लोगों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
















