


पूर्णिया।
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय कार्यालय, नया टोला (पानी टंकी रोड, लाइन बाजार) में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी की अध्यक्षता एवं सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक की उपस्थिति में आयोजित बैठक में संगठनात्मक विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में अभिजीत दत्ता (बेनू दा) को संगठन का पूर्णिया जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में बताया गया कि पूर्व जिला अध्यक्ष विजय कुमार को संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण पूर्व में दायित्वमुक्त कर दिया गया था। इसके बाद संगठन के विचार-विमर्श के उपरांत अभिजीत दत्ता को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी एवं सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने अभिजीत दत्ता को भगवा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि अभिजीत दत्ता लंबे समय से सनातन धर्म, सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के कारसेवक भी रहे हैं। ऐसे समर्पित एवं संघर्षशील कार्यकर्ता को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्णिया जिले में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा धार्मिक, सामाजिक और मानव सेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।
सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने कहा कि संगठन हमेशा सक्रिय, समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिजीत दत्ता संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए जिले में संगठन का विस्तार करेंगे।
नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष अभिजीत दत्ता (बेनू दा) ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
बैठक में राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, विक्की गोस्वामी, महिला मोर्चा जिला मंत्री प्रिया कुमारी, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, नगर मंत्री काजल गुप्ता, पूजा कुमारी, वार्ड अध्यक्ष ऋतिक कुमार, नीरज कुमार, संतोष पासवान सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष अभिजीत दत्ता (बेनू दा) को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
















