


पूर्णिया। 1 से 3 सितंबर तक पंजाब के लुधियाना में आयोजित होने वाली 21वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 में पूर्णिया जिले के दो खिलाड़ियों का चयन अंडर-18 आयु वर्ग के ऊंची कूद स्पर्धा के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में अभिषेक कुमार और आनंद कुमार किस्कू शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पूर्णिया का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला एथलेटिक संघ के संयुक्त सचिव सह कोच असद राजा ने बताया कि अभिषेक कुमार और आनंद कुमार किस्कू ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। राज्य स्तर पर उनके बेहतर प्रदर्शन और लगातार मेहनत के आधार पर दोनों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी लुधियाना में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
जिला एथलेटिक संघ की अध्यक्ष नीलम अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संघ की ओर से विश्वास जताया गया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करने में सफल होंगे।
अध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने बताया कि कोच असद राजा और मुसव्वर अहमद की देखरेख में जिले के एथलेटिक्स खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है कि हाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्णिया के खिलाड़ियों ने कुल 27 पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स में जिले के खिलाड़ियों की प्रतिभा लगातार सामने आ रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलने से वे आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार खेल प्राधिकरण और खेल मंत्रालय की ओर से पंचायत स्तर से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उचित खेल मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण और छोटे स्तर से आने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है।
अभिषेक कुमार और आनंद कुमार किस्कू के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन से पूर्णिया के खेल प्रेमियों और एथलेटिक्स जगत में उत्साह का माहौल है। दोनों खिलाड़ी अब लुधियाना में होने वाली प्रतियोगिता में ऊंची कूद स्पर्धा में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं।
















