


भागलपुर : ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर भागलपुर के नाथनगर में आस्था, उत्साह और भाईचारे की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। रिमझिम बारिश के बीच कर्णगढ़ ईदगाह मैदान में हजारों अकीदतमंदों ने एकजुट होकर नमाज़ अदा की और देश में अमन-चैन, शांति एवं खुशहाली की दुआ मांगी।
शनिवार सुबह करीब 8 बजे हल्की बूंदाबांदी के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। दूर-दराज़ से आए लोग समय से पहले ही ईदगाह मैदान पहुंचने लगे थे। बारिश की फुहारों के बीच नमाज़ अदा करते लोगों का दृश्य बेहद भावुक और श्रद्धा से भरा हुआ नजर आया। इबादत के इस माहौल ने यह साबित कर दिया कि आस्था के आगे मौसम की कोई बाधा मायने नहीं रखती।
नमाज़ अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्सव का माहौल बना रहा।
त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कर्णगढ़ ईदगाह मैदान और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते नजर आए, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। भागलपुर के वरीय पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
नाथनगर के मुस्लिम बहुल इलाकों में भी विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।













