


“
भागलपुर। बिहार सरकार की “7 निश्चय-3 : बढ़ेगा अपना बिहार” योजना के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में आमजनों की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ने की।

जनसुनवाई के दौरान लगभग 22 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन, भूमि विवाद तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला, अनुमंडल, प्रखंड, अंचल, थाना एवं विभिन्न विभागीय कार्यालयों में भी “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा प्रत्येक आवेदक को प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई गई। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना, प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा सुशासन की भावना को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
















