5
(5)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सबौर महाविद्यालय अपने भविष्य की नई दिशा तय करने की तैयारी में है। 14 जुलाई को आयोजित होने वाला ‘विकास संवाद’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महाविद्यालय के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास का रोडमैप तैयार करने की पहल माना जा रहा है। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, समाज और जनप्रतिनिधित्व से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित चेहरे एक मंच पर जुटेंगे।
कार्यक्रम को लेकर पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। पूर्व प्राचार्यों, पूर्व विभागाध्यक्षों, पूर्व अधिष्ठाताओं, पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। बड़ी संख्या में अतिथियों ने अपनी उपस्थिति की सहमति भी दे दी है।
इसी कड़ी में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा ने आयोजन समिति एवं अकादमिक स्टाफ काउंसिल की संयुक्त बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान प्राचार्य ने महाविद्यालय के विकास की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया। उन्होंने वर्षों से उपेक्षित साइकिल स्टैंड के जीर्णोद्धार, परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वच्छता प्रभारी की नियुक्ति तथा रूसा के अंतर्गत स्वीकृत लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की योजना साझा की। उनका कहना था कि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर महाविद्यालय की आधारभूत संरचना को नई पहचान दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही कुलपति को महाविद्यालय भ्रमण और विकास योजनाओं के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ शिक्षकों के अनुभव और सुझावों के आधार पर सबौर महाविद्यालय को गुणवत्ता, अधोसंरचना और शैक्षणिक उपलब्धियों के मामले में प्रदेश के अग्रणी संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
महाविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मयंक वत्स ने बताया कि ‘विकास संवाद’ के अवसर पर पूर्व छात्रों का एक संगठित मंच भी अस्तित्व में आएगा, जिसकी पहली बैठक इसी दिन आयोजित होगी। उनका मानना है कि पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों से मिलने वाले सुझाव भविष्य की विकास योजनाओं के लिए मजबूत आधार बनेंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: