


पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए पूर्णिया सदर डीएसपी अभिनव पाराशर को स्मृति चिह्न एवं भगवा वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डीएसपी के कार्यों की प्रशंसा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम लोगों की समस्याओं के प्रति सक्रियता और जनहित के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों का सम्मान करना संगठन के लिए गौरव की बात है। ऐसे अधिकारियों से समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होती है। उन्होंने डीएसपी अभिनव पाराशर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीमांचल अध्यक्ष अधिवक्ता दिलीप कुमार दीपक ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर डीएसपी की सक्रियता सराहनीय है। कर्मठ एवं जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारियों का सम्मान करने से उनका उत्साह बढ़ता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

गोस्वामी ने कहा कि संगठन प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए समाज एवं जनहित के कार्यों में सकारात्मक भूमिका निभाता रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, विक्की गोस्वामी, सक्रिय सदस्य छोटू कुमार, प्रिंस कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।















