


पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ईस्ट ब्लॉक के गौरा पंचायत भवन तथा नगर निगम क्षेत्र के गुलाबबाग स्थित जवाहरलाल नेहरू उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित जनकल्याणकारी सहयोग शिविर का मंगलवार को विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की जानकारी ली।
अधिकारियों ने विधायक को बताया कि गौरा पंचायत में प्राप्त 188 आवेदनों में से 186 का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि नगर निगम के वार्ड संख्या 37, 38, 39 एवं 41 में प्राप्त 120 आवेदनों में से 114 मामलों का समाधान किया जा चुका है।

शिविर में लोगों को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाला सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन गया है। सरकार की मंशा है कि शिविर में प्राप्त सभी समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विद्यालय में नामांकन, आंगनबाड़ी केंद्र, जॉब कार्ड, कृषि, नल-जल योजना, बासगीत पर्चा, राजस्व मामलों के अलावा शहर में सड़क, नाला, सफाई एवं रोशनी से संबंधित आवेदन अधिक संख्या में प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि न्यायालय से जुड़े मामलों को छोड़कर अन्य सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने तथा उसकी प्राप्ति रसीद अवश्य लेने की अपील की।
इस अवसर पर गौरा पंचायत भवन तथा पूर्णिया विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन पार्क का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, नगर निगम के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
















