


नवगछिया। प्रखंड के रामधारी इंटर उच्च विद्यालय, तेतरी की शिक्षिका डॉ. अमृता ने उदयपुर, राजस्थान में आयोजित दस दिवसीय ‘आवर कल्चरल डायवर्सिटी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति की विविधता को समझने के साथ लोककला, लोकसंगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प, लोककथाओं और पारंपरिक ज्ञान को शिक्षा से जोड़ना रहा। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अमृता ने बिहार की लोक संस्कृति और परंपराओं को साझा किया तथा अन्य राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से समझा।

विशेषज्ञों ने संस्कृति आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण की विभिन्न विधियों की जानकारी दी। डॉ. अमृता ने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और गतिविधियों को विद्यालय में विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। इससे बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव और अन्य संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी।
















