5
(1)

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

पूर्णिया। महान संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को अनुसूचित जाति टोला में समरसता संकल्प अभियान के तहत वार्ड नंबर 7 के ब्रजेश नगर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी अंशुल कुमार, महापौर विभा कुमारी, विधायक विजय खेमका, उप महापौर पल्लवी गुप्ता, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे, प्रशिक्षु आईएएस कुमुद मिश्रा एवं जदयू जिलाध्यक्ष प्रकाश पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति सहित अन्य जरूरतमंद परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। इनमें राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, विद्यालय में दाखिला, आय-जाति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगता कार्ड, चश्मा वितरण, हर घर नल-जल, बिजली कनेक्शन, मनरेगा जॉब कार्ड और जीविका समूह सहित विभिन्न योजनाएं शामिल रहीं।

शिविर के माध्यम से स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरतमंद लोगों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान हो सके।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस तरह के सहयोग शिविर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का संधारित अभिलेख तैयार किया जाए और उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया, ताकि पात्र लाभुकों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जा सके।

समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : महापौर

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि यह शिविर केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नगर निगम एवं सरकार से जुड़ी अधिक से अधिक सेवाओं का लाभ नागरिकों को एक ही स्थान पर सहजता से मिले, यही प्रयास है।

उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उसकी प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। आवेदन केवल फाइलों तक सीमित न रह जाए, बल्कि उसका वास्तविक लाभ संबंधित व्यक्ति तक पहुंचे, इसे प्राथमिकता दी जाएगी।

महापौर ने संत रविदास जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव का विरोध करते हुए समरस समाज की परिकल्पना की थी। आज उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने नागरिकों से सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। महापौर ने कहा कि नगर निगम पूर्णिया नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

नगर निगम से जुड़ी समस्याओं पर भी आवेदन की अपील

महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, भवन नक्शा, होल्डिंग, प्रमाण-पत्र सहित नगर निगम से संबंधित किसी भी समस्या के लिए निःसंकोच आवेदन करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी नागरिक को किसी प्रकार की समस्या होने पर वे नगर निगम कार्यालय अथवा उनसे संपर्क कर अपनी बात रख सकते हैं।

सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं के लिए लोगों ने अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में लोगों को योजनाओं और सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव, वार्ड पार्षद स्वपन घोष, पार्षद प्रतिनिधि राहुल मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में हजारों की संख्या में नगरवासी भी उपस्थित हुए।

संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: