


भागलपुर। सबौर प्रखंड क्षेत्र में एनएच-80 किनारे एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सबौर अंचल कार्यालय के बाहर बैंक ऑफ़ बड़ौदा के समीप की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बुजुर्ग को मृत अवस्था में पड़ा देखा। आशंका जताई जा रही है कि देर रात करीब दो बजे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस जांच के दौरान मृतक के पास से मिले कागजात में एक मोबाइल नंबर लिखा मिला। उस नंबर पर संपर्क करने के बाद मृतक की पहचान विपिन बिहारी शाह, पिता स्वर्गीय नारायण शाह, ग्राम अदलपुर थाना रसलपुर निवासी के रूप में हुई। बाद में उनकी पुत्री रेखा देवी ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान की पुष्टि की।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल देखा गया।
















