5
(1)

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

बच्चे की छठी में शामिल होने आया था युवक, अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों पक्षों में फिर हुई मारपीट

नवगछिया थाना क्षेत्र के चंद नगर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ससुराल आए एक युवक को कथित तौर पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और युवक को मुक्त कराकर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया।

घायल युवक की पहचान सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर निवासी 26 वर्षीय केसर आलम, पिता मकसूद आलम उर्फ चमरू, के रूप में हुई है। युवक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं।

पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है मामला

जानकारी के अनुसार केसर आलम पटना में मजदूरी करता है। बताया जाता है कि कुछ समय पहले उसका छोटा साला भी उसके साथ पटना में रह रहा था। इसी दौरान साले पर केसर के कुछ दोस्तों की जेब से पैसे निकालने का आरोप लगा था। इस बात को लेकर केसर आलम ने अपने साले की पिटाई कर दी थी। आरोप है कि इसी घटना को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उससे नाराज चल रहे थे।

परिजनों के अनुसार बच्चे की छठी समारोह में शामिल होने के लिए जब केसर आलम चंद नगर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा तो वहां पहले से नाराज लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे घर में बंधक बनाकर लगातार तीन दिनों तक मारपीट की गई। इस दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आ रही है।

वायरल वीडियो से खुला मामला

मारपीट के दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और इसकी जानकारी युवक के परिजनों तक पहुंची। वीडियो देखने के बाद परिजनों ने नवगछिया पुलिस से संपर्क कर युवक को मुक्त कराने की मांग की।

मंगलवार को पीड़ित के परिजन नवगछिया थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम चंद नगर गांव पहुंची और युवक को ससुराल से मुक्त कराकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया। चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।

पत्नी ने भी लगाया मारपीट का आरोप

घायल युवक की पत्नी रुखसाना खातून ने भी अपने पति के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उनके पति बच्चे की छठी में शामिल होने ससुराल आए थे। इसी दौरान उनके भाइयों और अन्य परिजनों ने उन्हें बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने कई बार विरोध किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।

पीड़ित परिवार की ओर से नवगछिया थाना में दिए गए आवेदन में निहाल कुमार, कुर्बान कुमार, चंद कुमार, सूरज कुमार, जुली खातून, हाफिज खातून और समा खातून को नामजद आरोपी बनाया गया है। परिवार ने सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अस्पताल में भी भिड़े दोनों पक्ष

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब घायल केसर आलम का इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा था। इसी दौरान उसके ससुर, साला और अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल उपाधीक्षक और कर्मियों की मौजूदगी में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अस्पताल परिसर के भीतर और बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। बाद में सड़क पर भी दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई।

इस झड़प में चंद नगर निवासी 16 वर्षीय अहमद राजा (पिता निहाल भट्ट), जो रिश्ते में घायल युवक का साला बताया जाता है, तथा निहाल भट्ट (पिता मो. अलाउद्दीन), जो युवक के ससुर हैं, घायल हो गए। दोनों का उपचार अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में कराया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन प्राप्त हुआ है। वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: