


भागलपुर। सत्यदेव महाविद्यालय, गौरीपुर में नए शैक्षणिक सत्र 2026–30 के प्रथम सेमेस्टर के नव नामांकित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए बुधवार को महाविद्यालय परिसर में ‘दीक्षा आरंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य धनंजय कुमार मिश्र ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य धनंजय कुमार मिश्र ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर अध्ययन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण मंच है। विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों एवं सकारात्मक सोच को भी अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रो. भोला कुँवर, अनिल कुमार झा, कुमार अशोक शर्मा, नवीन ठाकुर, अश्विन सिंह, गौतम कुमार, जुगनू कुमारी, उषा कुमारी, प्रेरणा प्रियदर्शिनी, कंचन पाल, रमन राय, संतोष राय, कन्हैया झा, कुंदन, अभिषेक मिश्रा, विकास, अवधेश सिंह, उमेश चौधरी, सुनील, रसिकलाल, श्वेता कुमारी, मनोज सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















