


भागलपुर । विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विकास कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) नवनीत कुमार ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा बलों के ठहराव एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।
अधिकारियों ने सबसे पहले मुरारका महाविद्यालय पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया तथा महाविद्यालय के प्राचार्य नागेंद्र तिवारी से सुरक्षा बलों के ठहराव को लेकर चर्चा की। इस दौरान प्राचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति से अनुमति मिलने के बाद महाविद्यालय परिसर में सुरक्षा बलों के ठहरने की व्यवस्था की जा सकती है।
एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि कुलपति से अनुमति प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट उद्घाटन स्थल का भी निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में ए.के. गोपालन कॉलेज, कृष्णगढ़ धर्मशाला, तिलकपुर गांधी घर तथा प्रखंड मुख्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया गया, जहां श्रावणी मेला के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों के आवास की व्यवस्था की संभावना पर विचार किया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी वंदना कुमारी, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, अंचलाधिकारी अनुज कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
















