


महाकाल बोल बम सेवा समिति ने बढ़ाया मानव सेवा का हौसला
नवगछिया। परम् पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से संचालित संस्था “सेवा श्री” द्वारा शनिवार को आयोजित विशेष सेवा एवं महाप्रसाद कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाकाल बोल बम सेवा समिति, नवगछिया के अध्यक्ष अवधेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष संजय भगत, मनोज भगत सहित समिति के लगभग दस सदस्य उपस्थित होकर सेवा श्री के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सेवा श्री के सदस्यों ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं बजरंगबली का महाप्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। वहीं महाकाल बोल बम सेवा समिति की ओर से भी सेवा श्री के सदस्यों को मोमेंटो देकर उनके मानव सेवा कार्यों की सराहना की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।

महाकाल बोल बम सेवा समिति के सदस्यों ने कहा कि सेवा श्री द्वारा प्रत्येक शनिवार को आयोजित इस प्रकार का सेवा और धार्मिक कार्यक्रम नवगछिया के लिए गर्व की बात है। समिति के सदस्यों ने संस्था द्वारा किए जा रहे मानव सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में प्रत्येक माह डाक बम यात्रा करने वाले प्रसिद्ध कन्हैया बम भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान की शक्ति और भक्ति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सेवा श्री द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजकों के अनुसार लगभग एक हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस बार महाप्रसाद में पलाऊ और तड़का परोसा गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
सेवा श्री के सदस्यों ने बताया कि यह सेवा कार्य परम् पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से निरंतर संचालित हो रहा है तथा इसके संरक्षक स्वयं बजरंगबली भगवान हैं। उन्होंने कहा कि यह सब भगवान की कृपा से संभव हो पा रहा है और आगे भी इसी प्रकार मानव सेवा एवं धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे।
















