


खरीक थाना क्षेत्र का मामला, दो विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध; पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को पीड़िता ने खरीक थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि तीन-चार व्यक्ति उसके घर आए और उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि एक वाहन में पहले से मौजूद रूपसा कुमार ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर खरीक थाना में कांड संख्या 50/2026 दर्ज किया गया। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्तता के आरोप में रोशन कुमार, पिता शंभु मंडल, निवासी बहतरा, थाना परवत्ता, जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और अनुसंधान के क्रम में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।















