



भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र के शांतिनगर गांव में गुरुवार को नल का पाइप तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद अचानक भड़क गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से लाठी–डंडे चलने लगे।
इस हिंसक झड़प में नित्यानंद मंडल (45), ऋषभ राज, कुंदन कुमार और ऋषभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद 112 पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस दल शांतिनगर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को कहलगांव थाना लाया गया, जहां उनकी प्राथमिक उपचार और इंजरी कटाई की प्रक्रिया पूरी की गई। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए कहलगांव अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर आशुतोष कुमार की देखरेख में उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नल की व्यवस्था और संचालन को लेकर अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इस बार मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
थाना प्रभारी श्यामला कुमार ने बताया कि दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि छोटे-मोटे विवादों को बढ़ाने के बजाय आपसी संवाद और समझदारी से हल करें तथा गांव में शांति बनाए रखें।














