



मायागंज अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
भागलपुर के जेएलएनएमसीएच (मायागंज अस्पताल) में इलाज के दौरान बांका जिले के बड़ी ढाका गांव निवासी बिक्कु कुमार की मौत हो गई। मृतक पेशे से ट्रक चालक था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार बिक्कु कुछ दिन पहले ही काम से घर लौटा था। एक शाम वह टहलने के लिए खेत की ओर निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। काफी देर बाद वह लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा। उसकी गंभीर हालत देखकर परिजनों ने तत्काल उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि बिक्कु को उसके साथियों ने साजिश के तहत शराब में ज़हर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।














