


विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर सुल्तानगंज में समीक्षा बैठक, सांसद-विधायकों सहित अधिकारियों ने दिए सुझाव
भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सुल्तानगंज नगर परिषद सभागार में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सह भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रावणी मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक से पूर्व सुल्तानगंज पहुंचने पर मंत्री नीतीश मिश्रा का स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी, एनडीए कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और अजगैविनाथ मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।
समीक्षा बैठक में भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल, बांका सांसद गिरधारी यादव, विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नगर परिषद के पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचकर गंगाजल लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान आने वाले कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और ठहरने की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। मंत्री ने बताया कि मेले के शुरू होने से लगभग दस दिन पहले सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की अंतिम समीक्षा की जाएगी।
बैठक के दौरान सांसदों और विधायकों ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जनप्रतिनिधियों ने गंगा घाटों पर वर्षभर एसडीआरएफ टीम की तैनाती, पंप चालकों के मानदेय भुगतान, दक्षिणी क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान तथा मेला क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।
मंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बैठक में कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश, भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह, डीएसपी नवनीत कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार, सीओ अनुज झा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, कांग्रेस नेता विनय शर्मा, समाजसेवी शिवम चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
श्रावणी मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में तेजी आ गई है। सरकार का लक्ष्य इस वर्ष श्रद्धालुओं को पहले से अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की गरिमा और भव्यता और अधिक बढ़ सके।
















