


पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति एवं महादलित टोलों के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से आयोजित श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर में गुरुवार को विधायक विजय खेमका ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया। विधायक ने जिलाधिकारी के साथ पूर्णिया नगर निगम के वार्ड संख्या-7 स्थित ब्रजेश नगर सामुदायिक भवन तथा पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक की हरदा पंचायत अंतर्गत ठाढ़ा एवं छबिघिया महादलित टोला सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका ने शिविर में मौजूद स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों पर उपलब्ध सेवाओं की भी जानकारी ली गई। इस दौरान विधायक ने कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति तथा शिविर के पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने पर जिला पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष नाराजगी व्यक्त की।
विधायक ने कहा कि ऐसे विकास शिविरों का उद्देश्य तभी पूरी तरह सफल होगा, जब सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी शिविर में उपस्थित रहकर आम लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनें और उनके समाधान की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
गांव-टोले तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
विधायक विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का संकल्प है कि सरकारी शिविरों के माध्यम से पंचायत, गांव और टोले के लोगों की कठिनाइयों का प्रशासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान किया जाए। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक गुरुवार को अनुसूचित जाति के टोलों में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि पूर्णिया का विकास तथा लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि शिविरों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविर में पहुंच सकें।
आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से शिविर में सभी संबंधित विभागों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को उपलब्ध सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी देने पर भी जोर दिया।
विधायक विजय खेमका ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को रक्षाबंधन एवं कृष्णाष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।
शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, एनडीए के कार्यकर्ता तथा भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं महादलित टोलों में सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान की पहल की जा रही है।
















