



भागलपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत भागलपुर जिले में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची की छंटनी की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी दी कि इस प्रक्रिया में कुल 2,44,612 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है।

प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार पहले जिले में कुल 24,00,414 मतदाता पंजीकृत थे, लेकिन विशेष पुनरीक्षण के बाद यह संख्या घटकर 21,55,802 हो गई है। हटाए गए मतदाताओं में 62,852 मृत मतदाता शामिल हैं, जबकि 1,25,388 मतदाता अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 26,566 ऐसे मतदाता पाए गए, जिनके नाम दो जगह दर्ज थे। इन सभी मामलों में नामों को मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि पूर्व में जिले में कुल 2263 मतदान केंद्र थे, जिसे बढ़ाकर अब 2678 किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता रखे जाने की सीमा को ध्यान में रखते हुए 415 नए बूथ बनाए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया को सुचारु और सुलभ बनाया जा सके।

दावा-आपत्ति के लिए 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या सुधार करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी बीएलए द्वारा गलत मंशा से अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में जुड़वाने का प्रयास किया जाता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और बीएलए से इस प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।














