


सीवान। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लग्जरी कारों से 290 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
भगवानपुर हाट थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र से शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पीएसआई छपित कुमार चौबे और एसआई अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने गाजियापुर गांव के समीप दो संदिग्ध कारों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान टाटा नेक्सन और मारुति सुजुकी अर्टिगा कार से कुल 290 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान बड़कागांव बकतौली निवासी सतेंद्र सिंह के पुत्र शांतनु कुमार तथा रमेश सिंह के पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।













