5
(1)

पूर्णिया। भूतपूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री क्रिकेट सीरीज प्रतियोगिता के तहत स्थानीय जिला स्कूल स्टेडियम परिसर, पूर्णिया में सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग और हरि ओम स्पोर्ट्स एकेडमी के बीच तीन मैचों की क्रिकेट सीरीज का मुकाबला खेला गया। पहले मुकाबले में सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग ने हरि ओम स्पोर्ट्स एकेडमी को 30 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ के संस्थापक सदस्य, स्टेट पैनल ग्रेड ए अंपायर एवं क्रिकेट प्रशिक्षक मो. नैय्यर अली, पूर्व क्रिकेटर एवं क्रिकेट प्रशिक्षक शंशाक शेखर प्रसाद ‘पिंटू’, एसएस सिंह ‘गुड्डू’ तथा ईस्ट जोन के पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग चयन समिति के पूर्व सदस्य हरि ओम झा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ टॉस कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए हरि ओम झा ने कहा कि देश के महान सपूतों की जीवनी और उनके योगदान से आज की युवा पीढ़ी को खेल के माध्यम से परिचित कराना प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि देश के महान सपूतों को हमेशा याद किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके।

हरि ओम झा ने कहा कि भूतपूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री महान स्वतंत्रता सेनानी एवं राजनेता थे। वे वर्ष 1968 से 1971 के बीच तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका जन्म 21 सितंबर 1914 को पूर्णिया जिले के नगर प्रखंड के बैरगाछी गांव में हुआ था। उन्होंने काशी विद्यापीठ से शिक्षा प्राप्त की और उनकी विद्वता के कारण उनके नाम के साथ ‘शास्त्री’ जुड़ा।

उन्होंने कहा कि भोला पासवान शास्त्री अपनी विद्वता, सादगी, ईमानदारी एवं निष्कलंक छवि के लिए जाने जाते थे। तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहने के बावजूद उन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए संपत्ति अर्जित नहीं की। वे गरीब, निःसहाय, शोषित एवं वंचित वर्गों के हितों को लेकर हमेशा चिंतित रहे। महात्मा गांधी से प्रेरित होकर वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए और कई बार जेल भी गए।

सेंट जेवियर्स ने बनाए 143 रन

मुकाबले में सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। टीम की ओर से डीदांत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्कों और सात चौकों की मदद से सर्वाधिक 62 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हरि ओम स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए हर्षित और मन्नत ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि सुजय को दो विकेट मिले।

113 रन पर सिमटी हरि ओम स्पोर्ट्स एकेडमी

144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरि ओम स्पोर्ट्स एकेडमी की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 113 रन ही बना सकी। इस तरह सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग ने 30 रनों से मुकाबला जीत लिया और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

हरि ओम स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से सार्थक ने दो चौकों की मदद से 14 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहा। सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग की ओर से गेंदबाजी करते हुए दीपांशु और रौशन आनंद ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन-तीन विकेट हासिल किए।

मैच में शिवम एवं आजाद ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि राहुल स्कोरर रहे।

इस अवसर पर खिलाड़ियों के अभिभावकों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग के प्राचार्य निशांत सिंह, शिक्षक अमर कुमार एवं खेल शिक्षक सूरज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 10 सितंबर को स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के माध्यम से खेल के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री के जीवन, संघर्ष और योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: