


भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नाव घाट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान भतोरिया निवासी मनोहर यादव (56) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोहर यादव मजदूरी के लिए घर से निकले थे और दरियापुर की ओर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल बाइक मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के तौसीफ खान के नाम पर है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र और छह पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
















