


भागलपुर । बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की प्रबंधन समिति ने राज्य में बॉल बैडमिंटन खेल के विकास और लोकप्रियता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी एवं खेलप्रेमी सुजय सौरभ को संघ का उपाध्यक्ष मनोनीत किया है।
बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष एवं विधान पार्षद प्रो. नवल किशोर यादव ने मनोनयन की घोषणा करते हुए कहा कि सुजय सौरभ ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके अनुभव और सामाजिक योगदान का लाभ संघ को मिलेगा तथा राज्य में बॉल बैडमिंटन के विस्तार को नई गति मिलेगी।
गौरतलब है कि सुजय सौरभ बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष, रामनवमी शोभायात्रा के सह-संयोजक तथा दशहरा कमेटी के उपाध्यक्ष के रूप में भी सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
उपाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद सुजय सौरभ ने कहा कि वे राज्य में बॉल बैडमिंटन खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उनकी प्राथमिकता राज्य के विभिन्न जिलों में अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खेल को लोकप्रिय बनाना तथा खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से बिहार बॉल बैडमिंटन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा और राज्य के खिलाड़ी देश-विदेश में बिहार का नाम रोशन करेंगे।
सुजय सौरभ के उपाध्यक्ष मनोनीत होने पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता, डॉ. सुनील कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार मंडल, सचिव गौरी शंकर, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, निदेशक पवन केजरीवाल, राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार, संयोजक डॉ. अरुण दयाल, सदस्य शिव नारायण पाल, संतोष श्रीवास्तव, संजीव पोद्दार तथा पटना जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव श्रीमोद पाठक सहित कई खेल प्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
















