5
(1)

प्रखंड मुख्यालय सभागार में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान, विजेताओं का हुआ स्वागत

भागलपुर। नगर परिषद सुल्तानगंज की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय सभागार में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विकास कुमार की निगरानी में आयोजित चुनाव के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे परिसर में पुलिस एवं महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम में रामानंद पासवान, नवीन कुमार बन्नी और बेबी देवी विजयी घोषित किए गए। इनमें रामानंद पासवान निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि नवीन कुमार बन्नी और बेबी देवी को 14-14 मत प्राप्त हुए।

वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी विभूति कुमार विकल्प और सविता देवी को 12-12 मत मिले, जिसके कारण उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। मतगणना पूरी होने के बाद एसडीओ विकास कुमार एवं बीडीओ संजीव कुमार ने विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान कर आधिकारिक रूप से विजेता घोषित किया।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और वार्ड पार्षदों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित सदस्यों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें बधाई दी गई। इस दौरान नगर परिषद के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान वार्ड पार्षद, वार्ड प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: