


पूर्णिया। जिला प्रशासन, पूर्णिया के तत्वावधान में भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत सुपौली ग्राम पंचायत में मंगलवार को एक विशाल सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य सेवाएं तथा आवश्यक सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना था।
शिविर में सुपौली पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के अनुरूप आवेदन भी स्वीकार किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा पात्र लाभार्थियों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन भी जमा किए। अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं। उन्होंने इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी और प्रभावी पहल बताया।
जिला प्रशासन ने बताया कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आम लोगों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
















