


पूर्णिया। भीषण गर्मी के कारण रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय उषा चंद की तृतीय पुण्यतिथि पर यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं उषा एजुकेशनल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मौलवी टोला स्थित संस्था कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 81 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शनिवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के रक्तकोष, रेडक्रॉस ब्लड बैंक एवं युवा ब्लड सेंटर की चिकित्सक एवं लैब टेक्नीशियन टीम ने रक्त संग्रह किया। इस दौरान सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शहर के विभिन्न सामाजिक एवं युवा संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
भीषण गर्मी और उमस के बावजूद युवाओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन सिद्धार्थ प्रताप ने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि शरीर में नया रक्त तेजी से बनता है। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्य स्वयं नियमित रक्तदान करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
आयोजकों ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले तेरापंथ युवा परिषद, आदिशक्ति सेवा संघ (खुश्कीबाग), भारतीय योग संस्थान, श्रीराम सेवा संघ, सशस्त्र सीमा बल तथा भारतीय स्टेट बैंक के रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में सिद्धार्थ प्रताप, ए.के. बोस, मोहम्मद इरफान कामिल, अजय कुमार सिंह, अशोक तिवारी, प्रियेश रंजन, एम.एच. रहमान, सुमित प्रकाश, तारा शंकर चटर्जी, पंकज श्रीवास्तव, मुरारी सिंह, आदित्य केजरीवाल, विकास कुमार नाहर, नीलम अग्रवाल, आलोक लोहिया, राणा प्रताप सिंह, विजयशंकर सिंह, आतिश सनातनी, ब्रजेश झा, आशीष ठाकुर, मकसूद मुर्शिद रियाज सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
















