


नवगछिया। बिहार राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर नवगछिया का मान बढ़ाने वाली ताइक्वांडो खिलाड़ी देवाश्री को एसपीएस ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र में सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक सह अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में देवाश्री को अंगवस्त्र एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जेम्स फाइटर ने बताया कि पिछले दिनों मोतिहारी में बिहार राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देवाश्री ने रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और प्रशिक्षण केंद्र, बल्कि पूरे नवगछिया को गौरव मिला है।
उन्होंने कहा कि नवगछिया खेल प्रतिभाओं की धरती रही है। यहां के विभिन्न खेलों के खिलाड़ी लगातार जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। ताइक्वांडो जैसे खेल में भी नवगछिया के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। देवाश्री की उपलब्धि इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर खिलाड़ी ऊंचे मुकाम हासिल कर सकते हैं।
रजत पदक हासिल करने पर देवाश्री की माता कंचन सिंह, जो शिक्षिका हैं, ने खुशी व्यक्त करते हुए बेटी की उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार का मान बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देवाश्री भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और नवगछिया का नाम रोशन करेगी।

सम्मान समारोह में शिक्षाविद सुमित कुमार साहू, रामकुमार साहू, कंचन सिंह, ताइक्वांडो जिला अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, जिला ताइक्वांडो महासचिव घनश्याम प्रसाद, अमित कुमार, पिंटू कुमार, रोहित कुमार सहित प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। ताइक्वांडो खिलाड़ियों टिशू कुमारी, शिवम कुमार, हरिओम कुमार, प्रिया कुमारी, आराध्या सिंह, मनतशा प्रवीण, केशव कुमार, कौशिक कुमार, संजीव कुमार, अनन्या वात्सल्य, हर्षित कुमार, मीनाक्षी कुमारी एवं प्रियांशु कुमार ने भी देवाश्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
















