5
(2)

नवगछिया। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए नवगछिया पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की तकनीकी शाखा ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न थानों में दर्ज सनहा के आधार पर 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने के बाद लंबे समय से अपने फोन की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब, कर्नाटक और झारखंड समेत कई राज्यों से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल बरामद किए। बरामदगी के बाद पुलिस ने मोबाइल धारकों और दावेदारों का सत्यापन कराया। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने के बाद संबंधित लोगों द्वारा थानों में इसकी सूचना दर्ज कराई गई थी। तकनीकी शाखा ने इन मामलों को संकलित कर मोबाइल के आईएमईआई नंबर, तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर लगातार अनुसंधान किया। इसी क्रम में अलग-अलग राज्यों और जिलों से 101 मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली।

200 से अधिक मोबाइल की तलाश जारी

एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि नवगछिया पुलिस गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 200 से अधिक अन्य मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए भी पुलिस का प्रयास जारी है। संबंधित मोबाइल की लोकेशन और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग राज्यों और जिलों में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी अनुसंधान के जरिए बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां पीड़ित लोगों को राहत मिल रही है, वहीं मोबाइल चोरी एवं गुम होने के मामलों में तकनीकी अनुसंधान की प्रभावशीलता भी सामने आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल बरामदगी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: