



भागलपुर/मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनकुंडा गांव निवासी 28 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कौशल ठाकुर, पिता शैलेंद्र ठाकुर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि कौशल ठाकुर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के पद पर कार्यरत थे।

मिली जानकारी के अनुसार, कौशल ठाकुर ड्यूटी समाप्त करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर धनकुंडा लौट रहे थे। इसी दौरान बांका जिले के संग्रामपुर–पसिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कौशल ठाकुर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके से गुजर रहे ग्रामीणों ने घायल युवक को पहचान लिया और तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल कौशल ठाकुर को इलाज के लिए संग्रामपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान करीब 20 से 25 मिनट बाद कौशल ठाकुर ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।














