


भागलपुर:
जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रसूलपुर थाना क्षेत्र के फोरलेन सड़क पर मर के समीप हुआ।
मृतकों की पहचान सचिन कुमार (16 वर्ष), पिता सुभाष मंडल, निवासी एकचारी, थाना रसूलपुर, जिला भागलपुर तथा अभिषेक कुमार (15 वर्ष), निवासी कटोरिया, थाना कटोरिया, जिला बांका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने ननिहाल में मेला देखने आया हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन कुमार रात में अपनी बहन के साथ मेला देखने गया था। मेला घूमने के बाद उसने अपनी बहन को सुरक्षित घर पहुंचा दिया। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ दोबारा मेला देखने के लिए निकला। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक गाड़ी को देखकर बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सचिन और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान सचिन और अभिषेक की मौत हो गई। तीसरे घायल युवक का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













