


भागलपुर:
शहर के खंजरपुर स्थित जागृति चौक में आनंद मार्ग प्रचारक संघ को दान में मिली एक कट्ठा जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह जमीन श्रीमती श्यामा देवी द्वारा आनंद मार्ग प्रचारक संघ को दान में दी गई थी, जिस पर संगठन की ओर से किड्स प्ले स्कूल एवं प्राथमिक विद्यालय खोलने की तैयारी की जा रही है।
इसी बीच दूसरे पक्ष के राजीव कुमार सिंह ने उक्त जमीन पर अपना दावा जताते हुए इसे अपने परिवार की संपत्ति बताया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पहले जमीन की विधिवत नापी कराई जाए। यदि नापी में यह जमीन उनके हिस्से में नहीं आती है, तो वे स्वयं अपना दावा छोड़ देंगे।
राजीव कुमार सिंह ने यह भी बताया कि वर्तमान में अमीनों की हड़ताल चल रही है, जिसके कारण जमीन की मापी में विलंब हो रहा है। हड़ताल समाप्त होने के बाद नापी कराई जाएगी और उसी के आधार पर वास्तविक स्वामित्व का निर्धारण होगा।
उधर, जब आनंद मार्ग से जुड़े लोग जमीन को खाली कराकर वहां विद्यालय खोलने की प्रक्रिया शुरू करने पहुंचे, तो दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया।
फिलहाल यह मामला नापी की प्रक्रिया पर टिका हुआ है। अब देखना यह है कि जमीन की मापी के बाद वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और प्रस्तावित विद्यालय का निर्माण हो पाता है या नहीं।













