


नारायणपुर के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े बच्चों को कुचल दिया। हादसे में चार बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर से नारायणपुर बस स्टैंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर सुबह करीब 9:30 बजे बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर आइसक्रीम खरीद रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर की ओर से आ रही तेज गति की एक सफेद कार ने पहले सड़क किनारे बंधी गाय को टक्कर मारी, फिर आगे बढ़ते हुए बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने का प्रयास किया। इस दौरान मनोहरपुर गांव में ही एक महिला को भी हल्की टक्कर लग गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण दो मोटरसाइकिल से कार का पीछा करने लगे। पीछा किए जाने के दौरान चालक ने नारायणपुर गांव के पास नियंत्रण खो दिया, जिससे सड़क किनारे खड़े बच्चों को जोरदार टक्कर लग गई।
घायलों में नारायणपुर निवासी सोनू रजक का पुत्र गुलशन कुमार और बनारसी यादव की नतनी मोनिका कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गुलशन के सिर में गंभीर चोट आई है तथा उसका बायां पैर टूट गया है, जबकि मोनिका का भी एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। वहीं दीपक और ऋतिक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सभी घायलों को पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनी शंभू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा आवेदन मिलने के बाद हिरासत में लिए गए चालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
















