


जलमार्ग से व्यापार को मिलेगी रफ्तार, घाट किनारे बढ़ी रोजगार की उम्मीद
नवगछिया । गंगा नदी के रास्ते तीनटंगा करारी घाट से कहलगांव गंगा घाट के बीच सोमवार से मालवाहक जहाज सेवा शुरू हो गई। दोपहर में दोनों घाटों पर फीता काटकर सेवा का उद्घाटन किया गया। इस नई जल परिवहन सेवा के शुरू होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और घाट के आसपास रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
तीनटंगा करारी घाट पर आयोजित उद्घाटन समारोह में गोपालपुर अंचल अधिकारी रोशन कुमार, दरोगा रसनदेव पासवान, अंचल नाजिर ललन कुमार, शार्क शिपिंग कंपनी के संचालक जिया खान, निदेशक अरशद रजा, तनवीर हसन, पूर्व मुखिया अखिलेश यादव, मनोज यादव, निर्मल कुमार यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सेवा का शुभारंभ किया।

इस मौके पर अंचल अधिकारी रोशन कुमार ने शार्क शिपिंग कंपनी को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट से सड़क मार्ग तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने की बात कही गई।
शार्क शिपिंग कंपनी के निदेशक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सड़क मार्ग तक विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने समय में एलसीटी सरकारी जहाजों के ठहराव स्थल के रूप में प्रसिद्ध तीनटंगा करारी घाट को फिर से सक्रिय किया गया है। दोनों छोरों पर सड़क को समतल कर मजबूत रैंप तैयार किए जा रहे हैं ताकि बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।

जिला प्रशासन द्वारा जहाज परिचालन के लिए सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है। इस सेवा के माध्यम से ट्रक, पिकअप, जीप और कारों का परिवहन किया जाएगा। वाहनों का किराया एक्सेल और क्षमता के आधार पर निर्धारित किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्गो जहाज सेवा शुरू होने से माल ढुलाई की दूरी और समय दोनों कम होंगे। साथ ही घाट के आसपास दुकान, होटल, परिवहन और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों में भी तेजी आने की संभावना है।
















