


बिहपुर में एनएच-31 पर पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा, तीनों ममेरे-फुफेरे भाई; घायलों को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया
नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे एनएच-31 पर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान सचिन कुमार, पिता नालेश यादव, निवासी रघुनाथपुर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सचिन इंटर पास था और दो भाइयों एवं दो बहनों में सबसे बड़ा था।
बताया गया कि सचिन कुमार अपने ममेरे-फुफेरे भाइयों के साथ अपाचे बाइक से भवानीपुर आ रहा था। सचिन का ननिहाल भवानीपुर बताया गया है। परिजनों के अनुसार तीनों युवक एक रिश्तेदार को भवानीपुर छोड़ने के लिए बेगूसराय से बाइक से निकले थे। इसी दौरान बिहपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सचिन कुमार, पिता इन्द्रल यादव, निवासी श्रीनगर छर्रापट्टी, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय तथा बरुण कुमार, पिता नित्यानंद यादव, निवासी भवानीपुर, रंगरा चौक, नवगछिया घायल हुए हैं। बरुण कुमार के सीने में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल तीनों युवक आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद बिहपुर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, परिजनों के अनुसार सचिन कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। वहीं, दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एंबुलेंस में देरी को लेकर अस्पताल में हंगामा
नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस और उपचार उपलब्ध कराने में देरी को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई और हंगामा किया। इस दौरान परिजनों की अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड से कहासुनी भी हुई। मौके पर मौजूद भवानीपुर के अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया।
बेटे की मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

इधर, सचिन कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता, माता समेत परिवार के अन्य सदस्य नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। भवानीपुर से भी करीब 25 से 30 लोग अस्पताल पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद यातायात पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
















